कोरबा जिले में उत्साह के साथ धान खरीदी शुरू, पहले दिन किसानों ने बेचा धान

कोरबा जिले में उत्साह के साथ धान खरीदी शुरू, पहले दिन किसानों ने बेचा धान

  • कटघोरा और छुरीकला सहित जिले के 73 उपार्जन केंद्रों में शुरू हुई खरीदी की प्रक्रिया; पारदर्शिता और किसान सुविधाओं पर प्रशासन का विशेष जोर

कोरबा (CITY HOT NEWS)///


खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आज से कोरबा जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो गई। पहले दिन कटघोरा विकासखंड के कटघोरा और छुरीकला उपार्जन केंद्रों सहित जिले के विभिन्न केंद्रों में किसानों ने धान बेचा। नगर पंचायत छुरी की अध्यक्ष श्रीमती पद्मिनी देवांगन ने उपार्जन केंद्रों में किसानों का फूलमाला पहनाकर, तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। जिले में धान खरीदी की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई।
कटघोरा उपार्जन केंद्र में महिला किसान श्रीमती दयामती केला और उनके पुत्र श्री अश्वनी केला ने पहले से टोकन कटाया था। खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू होने पर उन्होंने 36 क्विंटल धान बेचा। इस अवसर पर नगर पंचायत छुरी की अध्यक्ष श्रीमती पद्मनी देवांगन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, ओएसडी एवं आईएएस अधिकारी श्री तरुण कुमार किरण सहित जनप्रतिनिधि, किसान और अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने किसानों को खरीदी शुरू होने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।


जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच की और उपार्जन केंद्र में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप खरीदी करने, सतर्क ऐप के माध्यम से निगरानी रखने और सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों के लिए बारदाने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता भी देखी।
धान बेचने के बाद श्रीमती दयामती केला ने कहा कि फसल बेचने के साथ ही किसानों को राशि उपलब्ध कराने और प्रति एकड़ रकबे के अनुसार सहायता देने का निर्णय स्वागत योग्य है। इससे विशेषकर छोटे किसानों को लाभ मिलेगा।
छुरीकला उपार्जन केंद्र में ग्राम डोड़कीधरी, ग्राम पंचायत डिंडोलभाठा के किसान श्री राजाराम ने पहले दिन लगभग 12 क्विंटल धान बेचा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने साढ़े 11 क्विंटल धान बेचा था और इस वर्ष पहले से टोकन कटाकर खरीदी शुरू होते ही उपार्जन केंद्र पहुंचे। केंद्र में उनका फूलमाला पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा मिठाई खिलाई गई। श्री राजाराम ने कहा कि पहले की तुलना में अब किसानों के लिए धान बेचना आसान हुआ है। उन्होंने कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत प्रति एकड़ 13,839 रुपये दिए जाने के प्रावधान पर खुशी जताई। छुरीकला उपार्जन केंद्र के प्रबंधक श्री अशोक कुमार ने बताया कि केंद्र में लगभग 1,429 किसानों का पंजीयन हुआ है और खरीदी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
कोरबा जिले में 60 समितियों के अंतर्गत 73 धान उपार्जन केंद्र संचालित हैं। जिले में कुल 53,475 किसानों का पंजीयन किया गया है। शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य के अनुसार सामान्य धान 2,441 रुपये और ग्रेड-ए धान 2,461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये दिए जाने का प्रावधान है। इसके साथ ही किसानों के लिए टोकन की व्यवस्था भी है।
जिला खाद्य अधिकारी श्री घनश्याम सिंह कंवर ने बताया कि कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशन में खरीदी प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। निगरानी के लिए जिला स्तरीय उड़नदस्ता और 12 तहसील स्तरीय उड़नदस्ते गठित किए गए हैं। जिले में नौ चेकपोस्ट बनाए गए हैं तथा सभी 73 खरीदी केंद्रों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। तीन अति संवेदनशील और 18 संवेदनशील केंद्रों की निगरानी प्रशासनिक अधिकारी कर रहे हैं। राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल एवं कमांड सेंटर स्थापित किए गए हैं। सतर्क ऐप के अलर्ट तथा एसडीएम स्तर के अधिकारियों के माध्यम से भी खरीदी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है।

पहले दिन कटघोरा, केरवाद्वारी, कुल्हरिया, छुरीकला, डोंडकी, तुमान, नवापारा, निरधी, परसदा, पाली, श्यांग, सिरमिना और हरदीबाजार सहित विभिन्न केंद्रों में किसानों के टोकन जारी किए गए थे।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने खरीदी की तैयारियों की लगातार समीक्षा कर नोडल अधिकारियों और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी केंद्रों में चेकलिस्ट के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, तिरपाल की उपलब्धता रखने और तौल के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक धान नहीं लेने के निर्देश दिए हैं। धान की नमी मापक यंत्र से जांच, वजन के लिए खुली और स्पष्ट जगह तथा टोकन और बारदाने की उचित व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है। किसान अपने बोरे में धान लेकर आएं तो उसे सीधे उपार्जन केंद्र के बारदाने में न पलटकर पहले ढेरी बनाने और फिर जारी बारदानों में भरने के निर्देश दिए गए हैं। नए केंद्रों में धान की स्टैकिंग निर्धारित क्रम में, डबल डनेज के साथ पिरामिड आकार में करने को कहा गया है। किसानों की सुविधा के लिए बैठने, पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिले में धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही किसानों में उत्साह देखा गया। प्रशासन ने खरीदी केंद्रों में शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पारदर्शी प्रक्रिया और किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई है।

Chhattisgarh