बलौदाबाजार// छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सूअर और काला-कुरूप कहकर चिढ़ाने से नाराज दोस्त ने अपने साथी की हत्या कर दी। किशन साहू (19) को शक था कि आदित्य टंडन (19) उसकी बहन पर गलत नीयत रखता था और उसे नीचा दिखाता था। इसी गुस्से में आकर उसने आदित्य को मार डाला।

बलौदाबाजार में बहन पर गलत नीयत का शक और अपमान से नाराज दोस्त ने की हत्या
आरोपी किशन ने लोहे के फावड़े से आदित्य के सिर और चेहरे पर कई वार किए। इसके बाद शव को गिधौरी और घटमड़वा के बीच नाला बांधा के पानी में फेंक दिया।
14 नवंबर को युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल फावड़ा और मृतक का मोबाइल भी जब्त किया है। यह मामला गिधौरी थाना क्षेत्र का है।
पहले देखिए तस्वीरें



पानी में मिला था युवक का शव
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर की सुबह करीब 10:45 बजे सूचना मिली कि गिधौरी और घटमड़वा के बीच नाला बांधा के पानी में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही गिधौरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान गिधौरी के आदित्य टंडन (19) के रूप में हुई।
आदित्य के सिर और माथे पर चोट के निशान देखकर पुलिस को हत्या का शक हुआ। इसके बाद एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई।
CCTV फुटेज से मिला आरोपी का सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज देखे और लोगों से पूछताछ की। इसमें पता चला कि 13 नवंबर की दोपहर आदित्य को किशन साहू के साथ घटमड़वा एनीकट की तरफ जाते देखा गया था। उस समय किशन के हाथ में फावड़े जैसा एक औजार भी था।
इस आधार पर पुलिस ने किशन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने आदित्य की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का फावड़ा भी बरामद किया गया।

बहन पर गलत नजर रखने का था शक
पुलिस के मुताबिक, किशन को शक था कि आदित्य उसकी बहन पर बुरी नजर रखता है। इसके अलावा आदित्य उसे उसके रंग को लेकर उसका मजाक उड़ता। साथ ही, उसे नीचा दिखाने सूअर और काला-कुरूप कहकर चिढ़ाता था। इन बातों से वह नाराज था। इसी रंजिश में उसने आदित्य पर फावड़े से हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर कई वार करने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को नाला बांधा के पानी में फेंक दिया।
पुलिस और साइबर सेल की टीम ने किया खुलासा
एसडीओपी केके वासनिक ने बताया कि पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर गिधौरी पुलिस, एफएसएल और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले की जांच की। CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी किशन साहू के खिलाफ गिधौरी थाने में अपराध क्रमांक 239/2026 के तहत धारा 103(1) BNS में केस दर्ज किया है। उसे 15 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। अब उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

