शराब की लत से परेशान बहन ने लोढ़े से पीट-पीटकर की भाई की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

दुर्ग-भिलाई// छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भाई की शराब पीने की आदत से परेशान बहन ने उसकी हत्या कर दी। उसने सीलबट्टे (लोढ़ा) से उसके सिर और बाईं आंख के ऊपर कई बार वार कर किए। जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान गोड़पेण्ड्री गांव निवासी धर्मेंद्र पाल (40) के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी बहन धन्नी धनकर (34) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना उतई थाना क्षेत्र की है।

देखिए तस्वीर…

हत्या के बाद परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है।

हत्या के बाद परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है।

घर के इसी कमरे में हत्या की गई है।

घर के इसी कमरे में हत्या की गई है।

पुलिस ने आरोपी बहन धन्नी धनकर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी बहन धन्नी धनकर को गिरफ्तार कर लिया है।

कमरे में बिस्तर पर खून से लथपथ मिला था शव

जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर को पुलिस को गांव में धर्मेंद्र की मौत की सूचना मिली थी। परिजनों ने पहले सरपंच को फोन कर बताया कि वह कमरे में खून से लथपथ पड़ा है।

इसके बाद सरपंच गांव के दो लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे में धर्मेंद्र बिस्तर पर पड़ा था। उसके चेहरे, आंख और कान के पास से खून निकल रहा था। जमीन पर भी खून फैला हुआ था।

शुरुआत में अज्ञात हमलावर पर जताया शक

सूचना मिलने पर उतई पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव के सिर और बाईं आंख के ऊपर गंभीर चोट के निशान मिले। शुरुआत में बहन धन्नी धनकर ने किसी अज्ञात व्यक्ति के हमले में भाई की मौत होने की बात बताई थी।

पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की। सबूतों के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की।

धर्मेंद्र पाल की फाइल तस्वीर।

धर्मेंद्र पाल की फाइल तस्वीर।

पूछताछ में बहन ने कबूला जुर्म

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की बहन धन्नी धनकर से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने भाई की हत्या करना स्वीकार किया।

उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल सीलबट्टा (लोढ़ा) भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

शराब पीने की आदत से परेशान थी बहन

शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि, धर्मेंद्र शराब पीता था। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। बहन पिछले चार-पांच साल से मायके में रह रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, धर्मेंद्र की पत्नी भी करीब एक साल से मायके में रह रही थी।

उसकी दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब 8 और 10 साल बताई गई है। धर्मेंद्र कभी सीमेंट प्लांट में काम करता था तो कभी रोजाना मजदूरी कर परिवार चलाता था।

Chhattisgarh