बेमेतरा// बेमेतरा-दुर्ग मुख्य मार्ग पर ग्राम निनवा के पास शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा-साले की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान बेमेतरा जिले के ग्राम बाबामोहतरा निवासी केदार जायसवाल (62) और ग्राम जेवरा निवासी गोवर्धन सिन्हा (50) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम निनवा के पास शुक्रवार देर रात हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 25 H 2397 में सवार होकर बेमेतरा से दुर्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम निनवा के पास उनकी बाइक सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने दो अलग-अलग मर्ग किए दर्ज
पुलिस के मर्ग प्रकरण के दैनिक प्रतिवेदन के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को थाना बेमेतरा में दो अलग-अलग मर्ग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें मृतकों की पहचान केदार जायसवाल और गोवर्धन सिन्हा के रूप में दर्ज है। दोनों की मौत ग्राम निनवा के पास बेमेतरा-दुर्ग मुख्य मार्ग पर हुई।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

