अंधेरे में खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत; 7 घंटे तक सड़क पर हंगामा, SECL प्रबंधन पर ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा की अनदेखी का लगाया आरोप…

कोरबा// कोरबा के दीपका थाना क्षेत्र में सिरकी मोड़-बतारी के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से बाइक टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर करीब 7 घंटे तक चक्काजाम किया। उन्होंने सड़क पर रोशनी और भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सुधारने की मांग की।

हादसा सोमवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर हुआ। ग्राम तिवारता के तीन युवक आमापारा से बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंधेरे में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में सुनील आर्मो की मौके पर ही मौत हो गई।

भोलू मरकाम और मनमोहन मरकाम भी घायल हुए। भोलू की हालत गंभीर होने पर उसे पहले बिलासपुर और फिर रायपुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मनमोहन को मामूली चोटें आईं।

सड़क सुरक्षा की अनदेखी का आरोप

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने SECL प्रबंधन पर सड़क सुरक्षा की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं है और सड़क किनारे भारी वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े किए जाते हैं।

सड़क चौड़ीकरण और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग

ग्रामीणों ने सिरकी मोड़ से के.के. पेट्रोल पंप तक सड़क चौड़ी करने, नियमित पानी का छिड़काव कराने और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। चक्काजाम के कारण करीब 7 घंटे तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रही।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम

सूचना मिलने पर एसडीएम, दीपका और हरदीबाजार के तहसीलदार, दीपका थाना प्रभारी और SECL के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगें सुनीं और कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सहयोग राशि भी दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया।

Chhattisgarh