बलरामपुर // छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बारिश के बीच एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा पास्ता थाना क्षेत्र के सेमरसोत जंगल में हुआ। बर्फानी बस झारखंड के गढ़वा से अंबिकापुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक गाड़ी को साइड देने के लिए चालक ने बस को सड़क किनारे किया। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण सड़क किनारे की मिट्टी धंस गई थी। बस का पहिया कच्ची जमीन पर उतरते ही वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बस में सवार यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री की मौत की सूचना नहीं है और न ही किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।

सामने से आ रही गाड़ी को साइड देने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बर्फानी बस यात्रियों को लेकर गढ़वा से अंबिकापुर की ओर जा रही थी। जब बस पास्ता थाना क्षेत्र के सेमरसोत जंगल से गुजर रही थी, तभी सामने से एक गाड़ी आ गई। उसे रास्ता देने के लिए चालक ने बस को सड़क के किनारे किया।
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के चलते सड़क किनारे की मिट्टी कमजोर हो गई थी। इसी दौरान बस का पहिया कच्ची जमीन पर उतर गया। मिट्टी धंसने से बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। अचानक हुए हादसे से बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

बस पलटते ही मौके पर पहुंचे स्थानीय लोग
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक, हादसे में किसी यात्री की मौत की सूचना नहीं है। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी भी सामने नहीं आई है। इस तरह हादसे के बावजूद बड़ी जनहानि नहीं हुई।

