
- ओमेश आज चला रहे अपना प्रिंटिंग प्रेस,प्रतिमाह लगभग एक लाख रुपये आमदनी
बलौदाबाजार-भाटापारा, (CITY HOT NEWS)///
पढ़ाई पूरी करने के बाद हर युवा का सपना एक आत्मनिर्भर भविष्य और खुद का व्यवसाय शुरू करने का होता है, लेकिन अक्सर शुरुआत कैसे की जाए, यह असमंजस रास्ता रोक लेता है। जिले के ओमेश कुमार कंवर के सामने भी कुछ ऐसा ही दौर था,लेकिन सही मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं की बदौलत आज वे एक सफल उद्यमी बन चुके हैं और अपने पैरों पर मजबूती से खड़े हैं।
पढ़ाई पूरी करने के बाद ओमेश कुमार कंवर के पास कोई काम नहीं था। वे अपना कुछ काम शुरू करना चाहते थे, लेकिन शुरुआत कैसे करें, यह समझ नहीं आ रहा था। इसी दौरान उन्हें अपने बड़े पिताजी से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के बारे में पता चला। उन्होंने ओमेश को जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र में जाकर योजना की जानकारी लेने की सलाह दी। यहीं से खुद का व्यवसाय शुरू करने का उनका सफर शुरू हुआ।
ओमेश बताते हैं कि वे जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, बलौदाबाजार-भाटापारा पहुंचे और योजना के बारे में विस्तार से जानकारी ली। वहां के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें आवेदन करने और जरूरी दस्तावेज तैयार करने में सहयोग किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें 35 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ और 12 लाख रुपये की सब्सिडी मिली।
ओमेश ने अपने प्रिंटिंग प्रेस के लिए दिल्ली से डिजिटल प्रिंटिंग मशीन, सनबोर्ड कटिंग मशीन सहित अन्य जरूरी मशीनें मंगवाईं। इन मशीनों को खरीदने में लगभग 20 लाख रुपये खर्च हुए। इसके अलावा, कच्चा माल खरीदने और व्यवसाय चलाने के लिए उन्हें कार्यशील पूंजी के रूप में 14 लाख रुपये की राशि भी मिली। इस तरह उन्होंने अपना प्रिंटिंग प्रेस शुरू किया और धीरे-धीरे व्यवसाय को आगे बढ़ाया।
आज ओमेश कुमार कंवर अपने प्रिंटिंग प्रेस से प्रतिमाह लगभग एक लाख रुपये कमा रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि उन्होंने अपने लिए रोजगार तैयार करने के साथ-साथ पांच अन्य लोगों को भी काम दिया है। वे अपने ऋण की किश्तें भी समय पर चुका रहे हैं।
ओमेश कहते हैं कि एक समय ऐसा था, जब पढ़ाई पूरी करने के बाद वे कुछ नहीं कर रहे थे। लेकिन आज अपना व्यवसाय होने से वे आत्मनिर्भर महसूस करते हैं। उनके परिवार के लोग भी उनकी इस उपलब्धि से खुश हैं। खुद का काम शुरू करने और दूसरे लोगों को रोजगार देने से उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
ओमेश दूसरे युवाओं को भी संदेश देते हैं कि यदि वे अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, तो प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के बारे में जानकारी जरूर लें और जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से संपर्क करें। उनका मानना है कि खुद के पैरों पर खड़े होने के साथ-साथ दूसरों को रोजगार दे पाना भी एक बड़ी उपलब्धि है।

