- 0 प्रदेश के पंचायतों जनप्रतिनिधियों को भ्रमण कराने का सुझाव,
- 0 सभी पंचायतों में बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर
कोरबा (CITY HOT NEWS)//। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत तिवरता में नवनिर्मित पंचायत भवन के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन का अवलोकन कर उसकी संरचना, उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि तिवरता का पंचायत भवन ग्रामीण विकास की उत्कृष्ट मिसाल है। प्रदेश की अन्य पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी यहां का भ्रमण कराना चाहिए, ताकि वे इन व्यवस्थाओं से प्रेरणा लेकर अपनी पंचायतों में बेहतर सुविधाएं विकसित कर सकें।
लोकार्पण समारोह में विधायक तुलेश्वर मरकाम, प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, प्रशांत मिश्रा, मनोज चौहान सहित तिवरता के युवा सरपंच,पंचायत प्रतिनिधि, और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समारोह के दौरान डॉ. महंत ने पंचायत भवन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इसे ग्रामीणों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के प्रयासों की सराहना की।
डॉ. महंत ने कहा कि पंचायत भवन ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण और विकास कार्यों के संचालन का प्रमुख केंद्र होता है। तिवरता में इसे सुविधायुक्त और व्यवस्थित बनाने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने पंचायत के जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी पहल गांवों में प्रशासनिक कामकाज को सुगम बनाने के साथ ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मददगार होती है।

उन्होंने शासन-प्रशासन से आग्रह किया कि प्रदेश की अन्य ग्राम पंचायतों के सरपंचों, पंचों और जनप्रतिनिधियों को तिवरता पंचायत भवन का भ्रमण कराया जाए। इससे वे यहां की व्यवस्थाओं को देखकर अपनी पंचायतों में भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्यों का दूसरी पंचायतों में अनुकरण होने से ग्रामीण विकास को गति मिलेगी।
डॉ. महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए ग्राम पंचायतों को मजबूत और सुविधायुक्त बनाना जरूरी है। प्रत्येक पंचायत में ऐसा आधारभूत ढांचा होना चाहिए, जहां प्रशासनिक कामकाज सुचारु रूप से संचालित हो और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिलें। तिवरता जैसे प्रयासों को प्रोत्साहित कर प्रदेश की सभी पंचायतों में सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ठोस पहल की जानी चाहिए।


