फेसबुक विज्ञापन और व्हाट्सएप के जरिए निवेश पर ज्यादा मुनाफे का लालच देकर प्रॉपर्टी डीलर से 7.90 लाख की ऑनलाइन ठगी…FIR दर्ज

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही// गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पुराना गौरेला निवासी प्रॉपर्टी डीलर विशाल जायसवाल ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए हैं। ठगों ने फेसबुक विज्ञापन और व्हाट्सएप के जरिए उनसे 7.90 लाख रुपए ठग लिए।

विशाल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर esellerstorebuy.cc और esellerstorebuy.xyz वेबसाइटों के लुभावने विज्ञापन दिखे थे। इन विज्ञापनों के बाद ठगों ने व्हाट्सएप पर उनसे संपर्क किया और निवेश पर ज्यादा मुनाफे का लालच दिया।

विशाल ने अलग-अलग तारीखों में कुल 7,90,000 रुपए ट्रांसफर कर दिए। धोखाधड़ी का अहसास होने पर उन्होंने तीन मोबाइल नंबरों (9121239631, 9118475430 और 343-577-2536) के अज्ञात धारकों के खिलाफ गौरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर गौरेला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस की साइबर टीम आरोपियों का पता लगाने में जुट गई है।

Chhattisgarh