खेलते-खेलते कुएं में गिरने से 4 साल के बच्चे की मौत…दोस्तों के साथ नहाने गया था…

कोरबा// कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में 4 वर्षीय बच्चे की कुएं में डूबने से मौत हो गई। यह घटना दादर पीएम आवास के सामने हुई। जहां प्रशांत यादव खेलते-खेलते कुएं में गिर गया। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, दादर बस्ती के दामाद मोहल्ले में राजमिस्त्री सावन यादव का परिवार रहता है। उनका 4 वर्षीय बेटा प्रशांत यादव बस्ती के कुछ बच्चों के साथ खेलने निकला था। खेलते-खेलते वे बस्ती से लगे दादर पीएम आवास के पास एक कुएं में नहाने चले गए।

बताया जा रहा है कि कुएं की गहराई लगभग 9 फीट है। कुछ बच्चे उसमें कूदकर नहाने लगे। उन्हें देखकर प्रशांत भी नहाने के लिए उतरा और डूबने लगा। उसे डूबता देख बाकी बच्चे डरकर मौके से भाग खड़े हुए।

जीवित समझकर मुंह से पानी निकालने कोशिश

बच्चों ने बाद में लोगों को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने प्रशांत को कुएं से बाहर निकाला। उसे जीवित समझकर उसके पेट को दबाकर मुंह से पानी निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई हलचल नहीं हुई।

घटना के समय माता-पिता गए थे काम पर

लोगों को लगा कि उसकी मौत हो चुकी है। जिसके बाद मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई। घटना के समय मासूम प्रशांत के माता-पिता काम पर गए हुए थे और उसकी बहन स्कूल गई थी। सूचना मिलते ही माता-पिता और बहन मौके पर पहुंचे।

पहले दादी के साथ कुएं में नहा चुका था

स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशांत पहले भी अपनी दादी के साथ इस कुएं में नहाने आ चुका था। यह कुआं अक्सर बस्ती के लोगों की ओर नहाने के लिए उपयोग किया जाता है। मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि मृतक मासूम कुछ बच्चों के साथ नहाने के लिए आया था, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Chhattisgarh