
जशपुर में दो सड़क हादसों में 4 की मौत।
जशपुर// छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार रात को हुए 2 अलग-अलग सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए। पहली घटना बगीचा थाना क्षेत्र के मैनी मोड़ की है, जहां हाईवा की टक्कर से बाइक सवार दंपती और 16-17 साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बाइक नाबालिग बेटा चला रहा था। हादसे के बाद हाईवा का ड्राइवर फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
वहीं, दूसरी घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर कछार के पास हुई, जहां 2 बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 18 वर्षीय शिवनंदन नाग की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस दोनों हादसों की जांच कर रही है।
पहले देखिए ये तस्वीरें-

हाईवा की टक्कर से बाइक सवार माता-पिता और बेटे की मौत।

हादसे में बाइक सवार मां ने भी मौके पर दम तोड़ा।

एक ही बाइक पर पति-पत्नी और बेटा सवार थे। बाइक नाबालिग बेटा चला रहा था।
पहला केस- हाईवा ने बाइक को मारी टक्कर
पहला हादसा बगीचा थाना क्षेत्र के मैनी मोड़ पर हुआ। जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात बाइक पर सवार होकर नईहर साय (45), पत्नी शांति (40) और उनका करीब 16-17 साल का बेटा ब्रिशनंद अंबिकापुर की ओर से मैनी जा रहे थे।
इसी दौरान मैनी की ओर से अंबिकापुर जा रहे हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बाइक ब्रिशनंद चला रहा था। बाइक पर नंबर भी दर्ज नहीं था। तीनों बगीचा थाना क्षेत्र के सामरबार गांव के रहने वाले थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों के शवों को शव वाहन से बगीचा अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने जरूरी कार्रवाई के बाद सड़क पर आवागमन भी शुरू कराया। हादसे के बाद हाईवा-टेलर चालक के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस वाहन की तलाश कर रही है।

दूसरा हादसा पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है।
दूसरा केस- दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत
दूसरा हादसा पत्थलगांव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर कछार के पास कृष्णा राइस मिल के सामने हुआ। रविवार रात 2 बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में 18 साल के शिवनंदन नाग की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है।
शिवनंदन नाग काडरों गांव का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, वह अपने भांजे के घर त्रिसोठ गांव आया हुआ था। सोमवार रात वह अपने किसी चाचा से बाइक मांगकर एक युवक को साथ लेकर पल्सर से लुड़ेग की ओर जा रहा था।
इसी दौरान कछार के पास सामने से आ रही प्लेटिना बाइक से उसकी टक्कर हो गई। दोनों बाइकों की भिड़ंत के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और तुरंत 108 एंबुलेंस व 112 पर सूचना दी।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से घायलों को पत्थलगांव सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने शिवनंदन नाग को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर पत्थलगांव पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को अस्पताल के मर्च्युरी कक्ष में रखवाया और आगे की कार्रवाई शुरू की। हादसा कैसे हुआ और इसमें किसकी गलती थी, इसकी जांच की जा रही है।

