दुर्ग-भिलाई// दुर्ग के विशेष पॉक्सो कोर्ट ने 13 साल की मानसिक रूप से दिव्यांग बच्ची से दुष्कर्म के मामले में आरोपी को 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। आरोपी रिश्ते में बच्ची का जीजा लगता है। कोर्ट ने उस पर एक हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। साथ ही पीड़िता के पुनर्वास के लिए छत्तीसगढ़ शासन की योजना के तहत 5 लाख रुपए देने का आदेश दिया है। फैसला 27 नवंबर 2026 को सुनाया गया।

13 साल की दिव्यांग बच्ची से दुष्कर्म, जीजा को 20 साल की सजा
दो महीने तक कई बार किया दुष्कर्म
मामला नेवई थाना क्षेत्र का है। आरोपी तुकाराम निषाद उर्फ राजा निषाद (30) मूल रूप से रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र के ग्राम परसदा का रहने वाला है। वह दुर्ग में किराए के मकान में रहता था। उसका घर पीड़िता के घर के पास था। आरोपी का बच्चा और पीड़िता साथ खेलते थे। इस वजह से बच्ची का उसके घर आना-जाना था।
अभियोजन के मुताबिक, आरोपी ने 20 फरवरी से 18 अप्रैल 2026 के बीच कई बार बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इसकी जानकारी मिलने पर पीड़िता की मां ने 23 अप्रैल को नेवई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसी दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जन्म प्रमाणपत्र से साबित हुई उम्र
सुनवाई के दौरान पीड़िता की उम्र साबित करने के लिए जन्म प्रमाणपत्र और स्कूल के दस्तावेज पेश किए गए। इनमें उसकी जन्मतिथि 30 नवंबर 2012 दर्ज थी। अदालत ने दस्तावेजों के आधार पर माना कि घटना के समय बच्ची की उम्र 13 साल थी।
इशारों और आसान शब्दों में बताई अपनी बात
सुनवाई के दौरान पीड़िता ने इशारों और आसान शब्दों में अपनी बात रखी। उसके माता-पिता ने भी आरोपी से पारिवारिक संबंध, उसके घर आने-जाने और घटना की जानकारी मिलने के बारे में बयान दिए।
मेडिकल जांच में गंभीर चोट या हाल ही में यौन संबंध के स्पष्ट संकेत नहीं मिले थे। हालांकि, अदालत ने कहा कि चोट नहीं मिलने से पीड़िता का बयान झूठा नहीं माना जा सकता। अदालत ने पीड़िता के बयान और दूसरे सबूतों के आधार पर आरोपी को दोषी पाया।
20 साल की सजा, जुर्माना नहीं देने पर एक साल अतिरिक्त जेल
अपर सत्र न्यायाधीश और चतुर्थ एफटीएससी विशेष न्यायालय, दुर्ग के पीठासीन अधिकारी अनिष दुबे ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट की धारा 5(ट), 5(ठ) और धारा 6 के तहत दोषी ठहराया। उसे 20 साल के सश्रम कारावास और एक हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई है। जुर्माना नहीं देने पर उसे एक साल का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।
कोर्ट ने निर्देश दिया है कि अपील की अवधि समाप्त होने और अपील नहीं होने पर जुर्माने की पूरी राशि पीड़िता को क्षतिपूर्ति के रूप में दी जाए। इसके अलावा शासन की पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना के तहत पीड़िता को 5 लाख रुपए देने का आदेश दिया गया है। आरोपी 24 अप्रैल 2026 से न्यायिक हिरासत में है। इस अवधि को उसकी सजा में शामिल किया जाएगा।

