जशपुर// जशपुर में बकाया बिजली बिल की वसूली करने पहुंचे बिजली विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में बगीचा पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।

इंजीनियर के सिर और कंधे में आई चोट
घटना बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम महादेवडांड़ की है। विवाद करीब 1 लाख 67 हजार रुपए के बकाया बिजली बिल की वसूली को लेकर हुआ था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बकाया बिल की वसूली के दौरान हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को बगीचा में पदस्थ असिस्टेंट इंजीनियर भूपेन्द्र राठौर विभागीय कर्मचारियों के साथ ग्राम महादेवडांड़ में बिजली बिल की बकाया राशि वसूलने पहुंचे थे। इस दौरान बकाया भुगतान को लेकर पंखरासियुस तिर्की से विवाद हो गया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज शुरू कर दी।
इसी बीच उसका बेटा सोमल तिर्की भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने असिस्टेंट इंजीनियर को जान से मारने की धमकी देते हुए लकड़ी के डंडे समेत अन्य वस्तु से हमला कर दिया। मारपीट में भूपेन्द्र राठौर के सिर और कंधे में चोट आई।
विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया मामला
घटना के बाद असिस्टेंट इंजीनियर ने बगीचा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 300/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 221, 132, 121(1), 121(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ के बाद पिता-पुत्र गिरफ्तार
मामले में बगीचा पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद सोमल तिर्की (31), पिता पंखरासियुस तिर्की और पंखरासियुस तिर्की (73), पिता स्वर्गीय सिरिल तिर्की को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
शासकीय कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध : एएसपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने कहा कि शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करना और शासकीय कर्मचारियों के साथ मारपीट करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी। उन्होंने आम नागरिकों से कानून का सम्मान करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

