- प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से हर महीने हो रही बचत, घरों के साथ चेहरे भी दमके
रायपुर(CITY HOT NEWS)//

भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। इस योजना से न केवल घर रोशन हो रहे हैं, बल्कि हर महीने बिजली के बिल की बचत से लोगों के चेहरे भी दमक रहे हैं। छत पर सोलर ऑन-ग्रिड प्लांट की स्थापना से कई परिवारों में बिजली का बिल शून्य आ रहा है। जीरो बिजली बिल ने कई परिवारों को खुशियों की वजह दे दी है।
जिला मुख्यालय कांकेर के बरदेभाठा निवासी श्रीमती कांति गंजीर ने तीन किलोवॉट का सोलर ऑन-ग्रिड प्लांट अपनी छत पर लगवाया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत छत पर ही बिजली घर बनाया है, जिससे पिछले तीन महीनों से घर में बिजली का बिल शून्य आ रहा है। योजना के अंतर्गत मिलने वाले अनुदान ने सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन को और भी किफायती बना दिया है। इससे कई परिवारों को मुफ्त बिजली मिल रही है।
कांकेर के चारामा विकासखण्ड के ग्राम दरगहन की श्रीमती चित्ररेखा सुकदेवे ने भी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घर की छत पर सोलर प्लांट लगवाया है। वह कहती है कि सौर ऊर्जा ने हमें घर की बिजली की जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर बना दिया है, सरकार की मदद से यह संभव हुआ है। सौर ऊर्जा से अपने घर को रोशन कर रहे कांकेर के अलबेलापारा के श्री कैलाश मंडावी ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से घर में बिजली की अच्छी-खासी खपत के बाद भी पिछले तीन महीने से बिल जीरो आ रहा है। बिजली पर हमें एक रुपए भी खर्च नहीं करना पड़ रहा है।
केंद्र और राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा को घर की छत पर ही विद्युत ऊर्जा में रूपांतरित कर बिजली उपभोक्ताओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इस योजना का लाभ लेने वाले नागरिकों को केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जिससे इसकी लागत काफी कम पड़ रही है।


