हसदेव नदी के पुल से आरक्षक के छलांग लगाने की आशंका…पुल पर खड़ी मिली आरक्षक की बाइक… SDRF की टीम तलाश में जुटी

कोरबा// कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र में केंदई के पास हसदेव नदी के पुल से एक आरक्षक के छलांग लगाने की आशंका है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुल पर आरक्षक की बाइक खड़ी मिली, जिसके ऊपर उसका मोबाइल, पर्स, पुलिस आईकार्ड और आधार कार्ड रखा हुआ था।

सरगुजा के प्रेमनगर में पदस्थ है 31 वर्षीय सुनील बेक - Dainik Bhaskar

सरगुजा के प्रेमनगर में पदस्थ है 31 वर्षीय सुनील बेक

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कर दी। आरक्षक की खोज के लिए एसडीआरएफ के गोताखोरों की टीम बुलाई गई है।

पुल पर खड़ी मिली बाइक; मोबाइल, पर्स, पुलिस आईकार्ड और आधार कार्ड बरामद

पुल पर खड़ी मिली बाइक; मोबाइल, पर्स, पुलिस आईकार्ड और आधार कार्ड बरामद

पुल पर खड़ी मिली बाइक और दस्तावेज

जानकारी के अनुसार, आरक्षक ने हसदेव नदी के पुल पर अपनी बाइक क्रमांक CG 14 MX 1898 खड़ी की थी। इसके बाद उसके करीब 25 फीट नीचे नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। बाइक के ऊपर मोबाइल, पर्स, पुलिस आईकार्ड और आधार कार्ड मिले हैं।

आरक्षक की पहचान 31 वर्षीय सुनील बेक के रूप में हुई है। वह सरगुजा जिले के थाना प्रेमनगर अंतर्गत तारापुर चौकी में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। हालांकि, उसने कब और किन परिस्थितियों में नदी में छलांग लगाई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने पर मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस ने बाइक के पास मिले दस्तावेज जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम ने बताया कि आरक्षक के आईकार्ड के आधार पर संबंधित थाना-चौकी को सूचना दे दी गई है। उसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ के गोताखोरों की टीम को बुलाया गया है।

तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में चुनौती

बताया जा रहा है कि हसदेव नदी में इस समय पानी भरा हुआ है और बहाव तेज है। ऐसे में देर रात तलाशी अभियान चलाने में मुश्किल हो रही है। गोताखोरों की टीम सुबह से रेस्क्यू अभियान तेज करेगी।

पुल पर बाइक और दस्तावेज मिलने के आधार पर आरक्षक के नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन घटना की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरक्षक के परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है।

Chhattisgarh