स्वामी आत्मानंद स्कूल का मेन गेट गिरा, चपेट में आने से 8 साल के बच्चे की मौत…तीज पर अपनी मां के साथ मामा घर आया था…विकास शुल्क लेने के बाद भी नहीं कराई गेट की मरम्मत…

बलौदाबाजार// छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शनिवार को स्वामी आत्मानंद स्कूल का मेन गेट गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 8 साल के बच्चे की मौत हो गई। वह तीज पर अपनी मां के साथ मामा घर आया था। स्कूल के पास खेलते समय यह हादसा हुआ। घटना हथबंद थाना क्षेत्र की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल का लोहे का मेन गेट जिस कंक्रीट कॉलम के सहारे लगा था, उसकी स्थिति पिछले 3 महीनों से खराब थी। कॉलम ऊपर और नीचे दोनों तरफ से कमजोर हो गया था। यह केवल एक लोहे की पट्टी और कील के सहारे टिका हुआ था।

यह भी आरोप है कि जर्जर कॉलम की जानकारी होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने समय पर इसकी मरम्मत नहीं कराई। मेंटेनेंस में बरती गई इसी लापरवाही की वजह से बच्चे को अपनी जान गंवानी पड़ी। मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, SDM ने पीड़ित परिवार को 50 हजार मुआवजा दिया है।

गेट की चपेट में आने से 8 साल के शिवम की मौके पर ही मौत हो गई।

गेट की चपेट में आने से 8 साल के शिवम की मौके पर ही मौत हो गई।

बिलासपुर से मामा घर आया था बच्चा

जानकारी के मुताबिक, शिवम यादव (8) बिलासपुर के कोटा स्थित लारीपारा का रहने वाला था। वह तीजा मनाने अपनी मां के साथ हथबंद स्थित मामा के घर आया था। मामा का घर स्कूल के पास ही है।

शनिवार सुबह करीब 10 बजे शिवम बाकी बच्चों के साथ स्कूल कैंपस में खेलने जा रहा था। इसी दौरान वह गेट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

विकास शुल्क लेने के बाद भी नहीं कराई गेट की मरम्मत

घटना के बाद स्कूल परिसर में ग्रामीणों और परिजनों ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि शाला विकास समिति हर छात्र से सालाना 600 रुपए विकास शुल्क लेती है। इसके बावजूद स्कूल के मेन गेट जैसी जरूरी सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया गया।

स्कूल का मेन गेट जिस कंक्रीट कॉलम के सहारे लगा था।

स्कूल का मेन गेट जिस कंक्रीट कॉलम के सहारे लगा था।

गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज करने की मांग

जनपद सदस्य प्रतिनिधि ऋषिकांत पटेल और ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। उन्होंने लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।

पीड़ित परिवार को 70 हजार की आर्थिक सहायता

घटना के तुरंत बाद शाला प्रबंधन ने अंतिम संस्कार और अन्य जरूरी व्यवस्था के लिए परिवार को 20 हजार रुपए दिए। भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव ने बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा से फोन पर बात की।

कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन ने भी परिवार के लिए 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। सिमगा एसडीएम अतुल शेटे ने यह राशि परिजनों को दी।

आरोप है कि जर्जर कॉलम की जानकारी होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने समय पर इसकी मरम्मत नहीं कराई।

आरोप है कि जर्जर कॉलम की जानकारी होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने समय पर इसकी मरम्मत नहीं कराई।

SDM बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

SDM अतुल शेटे ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने मौके का मुआयना किया। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी जाएगी। उन्होंने टीआई को जांच के बाद वैधानिक धाराओं में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

Chhattisgarh