- डिजिटल किसान किताब, राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र सहित विभिन्न सामग्री वितरित
कोरबा (CITY HOT NEWS)///
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा कार्यालय परिसर में सोमवार को सेवा सेतु अभियान शिविर आयोजित किया गया। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल थे। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने की।
शिविर में नगर पालिका की राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीयन, पेंशन, राजस्व और नल-जल शाखाओं के साथ विद्युत, स्वास्थ्य, उद्यान, आधार कार्ड, जाति-निवास, पशु चिकित्सा एवं श्रम विभाग के स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों को शासन की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी तथा आवेदन प्राप्त किए।
इस अवसर पर विधायक श्री प्रेमचंद पटेल और नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने 12 हितग्राहियों को डिजिटल किसान किताब, 6 हितग्राहियों को राशन कार्ड, एक हितग्राही को मुख्यमंत्री मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत 20 हजार रुपये तथा एक हितग्राही को श्रद्धांजलि योजना के तहत 2,500 रुपये की सहायता राशि प्रदान की। इसके अलावा 9 आवेदकों को मृत्यु प्रमाण पत्र, एक आवेदक को जन्म प्रमाण पत्र और 10 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सेवा सेतु जैसे शिविर जनता और शासन के बीच प्रभावी सेतु का काम करते हैं। उन्होंने नागरिकों से योजनाओं का लाभ लेने और पात्र लोगों को इनके बारे में जागरूक करने की अपील की।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता है। सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल और सहज रूप से उपलब्ध कराना है। शिविर में प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार,श्री विकास झा, एल्डरमैन श्री जितेंद्र सिंह, श्री निराकार नाहक एवं श्री देव प्रसाद यादव, श्री प्रमोद सोना एवं श्री अश्वनी मिश्रा, पार्षद श्री दिलीप दास सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
शिविर में योजनाओं का लाभ मिलने पर हितग्राहियों ने शासन एवं नगर पालिका परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया।


