सूने SECL क्वार्टर में बड़ी चोरी, रिटायर्ड SECL कर्मी के बंगले का ताला तोड़कर लाखों के सोने के गहने ले उड़े चोर..CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

कोरबा/// कोरबा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र की मानिकपुर चौकी अंतर्गत SECL कॉलोनी में चोरों ने एक सूने क्वार्टर को निशाना बनाया। रिटायर्ड SECL कर्मी के बंद बंगले का ताला तोड़कर चोर करीब 4 से 6 लाख रुपए के सोने के गहने ले गए।

घटना 18 अक्टूबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है। मकान मालिक का परिवार पिछले चार महीने से बिलासपुर में रह रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुख्य दरवाजे और दोनों बेडरूम के ताले टूटे मिले

जानकारी के अनुसार, बंगला नंबर D-03 प्रतिमा बिन्द का है। उनका परिवार करीब चार महीने पहले बिलासपुर शिफ्ट हो गया था। क्वार्टर की देखरेख की जिम्मेदारी रामनगर निवासी एक महिला को दी गई थी, जो SECL कॉलोनी के बंगला नंबर D-05 में सुषमा सिंह और D-03 में प्रतिमा बिन्द के यहां झाड़ू-पोंछा का काम करती है।

महिला का बेटा रूपेन्द्र भारती पिछले 11 दिनों से D-03 क्वार्टर में सो रहा था, लेकिन 18 अक्टूबर की रात वह वहां नहीं सोया। महिला ने पुलिस को बताया कि रात करीब 8 बजे वह क्वार्टर में पौधों को पानी देकर और लाइट चालू करके अपने घर चली गई थी।

अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे जब वह क्वार्टर पहुंची, तो मुख्य दरवाजे की कुंडी और ताला टूटा मिला। अंदर दोनों बेडरूम के ताले टूटे हुए थे। अलमारी खुली पड़ी थी और कपड़े तथा सोने-चांदी के गहनों के पैकेट जमीन पर बिखरे हुए थे। महिला ने तत्काल वीडियो कॉल के जरिए मकान मालिक को घटना की जानकारी दी।

पहले 2-3 लाख, बाद में 4-6 लाख के गहने चोरी होने की जानकारी

शुरुआत में बिखरे हुए पैकेट देखकर करीब 2 से 3 लाख रुपए के जेवर चोरी होने का अनुमान लगाया गया था। कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि चोरी की शिकायत मिलने के बाद क्वार्टर की देखरेख करने वाली महिला से पूछताछ की गई थी। उसने शुरुआती जानकारी में 2 से 3 लाख रुपए के जेवर चोरी होने की बात कही थी।

CSP के अनुसार, मकान मालिक के कोरबा लौटने और चोरी गए सामान की विस्तृत जानकारी मिलने के बाद पता चला कि करीब 4 से 6 लाख रुपए के सोने के गहने गायब हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

मानिकपुर चौकी पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही क्वार्टर में आने-जाने वाले लोगों और वहां झाड़ू-पोंछा करने वाली महिला के बेटे से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल चोरों और चोरी गए गहनों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

Chhattisgarh