बालोद// बालोद जिले के पलारी गांव में एक सूने मकान से चोरों ने करीब 2 लाख रुपए का सामान चोरी कर लिया। परिवार दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने बालोद गया था। घर लौटने पर उन्हें ताला टूटा मिला।

चोरों ने घर से 50 हजार रुपए नकद, डेढ़ लाख रुपए कीमत का रानीहार और सोने-चांदी के दूसरे आभूषण चुरा लिए। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बाहर निकलता दिखाई दिया है। यह घटना सनौद थाना क्षेत्र में हुई।
पलारी के गजेन्द्र कुमार साहू (41) ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी दादी बिंझवारीन बाई साहू का 6 अक्टूबर को निधन हो गया था। इसके बाद 7 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे वे परिवार के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने बालोद चले गए थे। इस दौरान घर सूना था।
मोबाइल पर फुटेज देखकर हुआ शक
9 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे गजेन्द्र ने मोबाइल पर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। तस्वीर धुंधली थी, लेकिन एक संदिग्ध व्यक्ति घर से बाहर निकलता दिखाई दिया। इसके बाद कैमरा बंद हो गया। शक होने पर गजेन्द्र ने पड़ोसी त्रिवेन्द्र साहू को फोन कर घर जाकर देखने कहा।
त्रिवेन्द्र घर पहुंचे तो सामने के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने गजेन्द्र को इसकी जानकारी दी। इसके बाद गजेन्द्र अपनी पत्नी देवंतीन बाई के साथ सुबह करीब 8 बजे घर पहुंचे।
जांच करने पर करीब 50 हजार रुपए नकद, डेढ़ लाख रुपए कीमत का रानीहार और सोने-चांदी के दूसरे गहने गायब मिले। घटना की जानकारी त्रिवेन्द्र साहू, मनीष कुमार साहू, चैतराम साहू और जितेन्द्र कुमार साहू को भी दी गई।

