भिलाई// दुर्ग में SSB (सशस्त्र सीमा बल) के एक कॉन्स्टेबल ने मंगलवार रात इंसास राइफल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। जवान का नाम मनोज कुमार (32) था। उसके सुसाइड करने के कारणों का अभी पता नहीं चला है। मामला नेवई थाना क्षेत्र का है।

कांस्टेबल मनोज SSB भिलाई रिसाली के ट्रांजिट कैंप में साल 2022 से पदस्थ था।
जानकारी के मुताबिक, जवान मनोज कुमार पुत्र सुभाष चंद SSB 28वीं बटालियन में पदस्थ था। वह अंतागढ़ से जनरल ड्यूटी पर SSB क्षेत्रीय मुख्यालय भिलाई आया था। बताया जा रहा है कि रात 8:30 से 11:30 बजे तक उसकी तैनाती मुख्य गेट पर थी।
सर्विस राइफल से कनपटी पर मारी गोली
ड्यूटी के दौरान रात करीब 9.12 बजे उसने अपनी सर्विस राइफल से कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर साथी जवान भागकर मौके पर पहुंचे तो मनोज लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसे उठाकर स्पर्श मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल रामनगर ले गए। वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
AIIMS रायपुर ले जाया गया शव
मनोज के शव को रायपुर AIIMS ले जाया गया है, वहां पोस्टमॉर्टम के बाद गृह ग्राम रवाना किया गया। जवान मनोज मूल रूप से हरियाणा में महेंद्रगढ़ जिले के नारनूल तहसील के सीमा गांव निवासी था। उसके परिजनों को अफसरों की ओर से सूचना दे दी गई है।


