सड़क हादसे में पिता और उनके 12 साल के बेटे की मौत.. श्राद्ध कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा

बालोद// छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार शाम एक सड़क हादसे में पिता और उनके 12 साल के बेटे की जान चली गई। वहीं, उनका 8 साल का छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह हादसा अरमरीकला में पेट्रोल पंप के सामने गुंडरदेही-धमतरी मुख्य मार्ग पर शाम करीब 7 बजे हुआ। यह मामला सनौद थाना क्षेत्र का है।

सनौद पुलिस ने बताया कि ग्राम कजराबांधा के रहने वाले डागेश्वर साहू (34) अपने दोनों बेटों 12 वर्षीय वेद प्रकाश (ओशांत) और 8 वर्षीय अनुराग साहू (कान्हा) के साथ मामा के घर ग्राम मोहारा गए थे। वे वहां एक सामाजिक पितृ श्राद्ध मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

कार्यक्रम खत्म होने के बाद देर शाम तीनों अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

अंधेरे में खड़ा ट्रक नहीं दिखा

पुलिस के अनुसार, अरमरीकला के पास मुख्य सड़क पर एक ट्रक खड़ा था। अंधेरा होने के कारण बाइक सवारों को ट्रक दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डागेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में दोनों बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

इलाज के दौरान बड़े बेटे की मौत

गंभीर रूप से घायल ओशांत साहू (12) ने धमतरी में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं छोटे बेटे अनुराग साहू (8) का इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

दो शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

सनौद पुलिस ने पिता और बेटे के शव का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए गुरुर मर्चुरी भेज दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पुलिस ने खड़े ट्रक और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में एक ही परिवार के पिता और बेटे की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

Chhattisgarh