सड़कों पर मवेशियों के विचरण व उचित व्यवस्थापन ना करने पर कलेक्टर सख्त,

  • सीएमओ कटघोरा व छुरीकला को कारण बताओ नोटिस जारी

कोरबा (CITY HOT NEWS)///

/
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने नगरीय क्षेत्र में सड़कों पर घूमते मवेशियों के संबंध में नगर पालिका परिषद कटघोरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मुद्रिका प्रसाद तिवारी एवं नगर पंचायत छुरीकला के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मोहर लाल गहवरिया को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि सड़क सुरक्षा/प्रोटोकाल कार्यक्रम के तहत एसडीएम कटघोरा द्वारा विशिष्ट अतिथियों के सम्बंधित क्षेत्र में भ्रमण के दौरान सड़कों पर घूमते मवेशियों के उचित व्यवस्थापन के संबंध में नगरीय निकाय को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी दिनांक 29 अगस्त 2026 को विशिष्ट अतिथियों के उक्त क्षेत्र के भ्रमण के दौरान सड़कों पर मवेशी घूमते पाए गए। इस संबंध में पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने को गंभीरता से लिया गया है। इसी प्रकार सामान्य दिनों में सड़क पर घुमंतू मवेशियों के उचित व्यवस्थापन हेतु निकाय द्वारा अपेक्षित कार्यवाही की प्रगति नगण्य है।
नोटिस में कहा गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र में मवेशियों के विचरण को रोकने तथा उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए दिए गए निर्देशों का विधिसम्मत पालन नहीं होना कार्य के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। साथ ही उच्च अधिकारियों के दिये निर्देशो को गम्भीरता से नही लेना कर्तव्य के प्रति तत्परता  के अभाव को  प्रदर्शित करता है।  इस हेतु कलेक्टर श्री दुदावत ने सम्बंधित नगरीय निकाय के मुख्य नगर पालिका अधिकारियो को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

Chhattisgarh