कोरबा// कोरबा के भलपरी गांव के श्मशान घाट में गुरुवार को 20 से 25 साल के अज्ञात युवक का शव मिला। युवक के पास से बोरैक्स (सुहागा) जैसा पदार्थ और पानी के पाउच मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका है कि उसने जहरीले पदार्थ का सेवन किया होगा।

पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शव कक्ष में रखवाकर उसकी पहचान की कोशिश शुरू कर दी है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगी। यह मामला उरगा थाना क्षेत्र का है।


युवक नहीं हुई पहचान
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान के लिए प्रयास कर रही है। उसके पास से बोरैक्स यानी सुहागा और पानी के पाउच मिले हैं।
मृतक की उम्र करीब 20 से 25 साल बताई गई है। उसने काले रंग की टी-शर्ट और जींस पहनी थी। शुरुआती जांच में बोरैक्स जैसे पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या करने की आशंका है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चलेगी।
मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जांच के लिए चीजें जुटाईं और मिले पदार्थों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शव कक्ष में रखवाया है।
पहचान के लिए पुलिस ने आसपास के गांवों में मुनादी कराई है और जिले के सभी थाना-चौकियों को सूचना भेजी है। सोशल मीडिया पर भी शव की फोटो साझा कर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पहचान होने के बाद परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। फिलहाल आत्महत्या समेत अन्य पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

