रायपुर : 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान बेचकर खुश हैं किसान गोविंद यादव

3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान बेचकर खुश हैं किसान गोविंद यादव
  • तुंहर टोकन’ ऐप से घर बैठे मिल रहा टोकन, पारदर्शी खरीदी व्यवस्था और कृषक उन्नति योजना से किसानों को मिल रहा आर्थिक संबल
  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों को उपज का बेहतर मूल्य और सुविधाजनक खरीदी का लाभ

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी अब किसानों के लिए केवल अपनी उपज बेचने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि उनकी मेहनत का बेहतर मूल्य दिलाने का माध्यम बन रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था ने किसानों को आर्थिक मजबूती का भरोसा दिया है। गरियाबंद जिले के ग्राम पंचायत रोहिणा के किसान श्री गोविंद यादव भी इस व्यवस्था से लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने उपार्जन केंद्र में अपना धान 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से बेचा। निर्धारित दर पर उपज का उचित मूल्य मिलने से वे संतुष्ट हैं और इसे खेती-किसानी को संबल देने वाली पहल मानते हैं।

गोविंद यादव बताते हैं कि शासन की सुव्यवस्थित धान खरीदी व्यवस्था से किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिल रही है। खरीदी केंद्रों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत धान विक्रय की व्यवस्था होने से किसानों का समय बच रहा है। वहीं, उपज का बेहतर मूल्य मिलने से खेती में किए गए परिश्रम का उचित प्रतिफल मिल रहा है। सरकार की इन पहलों से किसानों का भरोसा मजबूत हो रहा है और कृषि कार्यों के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ रहा है।

घर बैठे टोकन, कतारों से राहत

धान खरीदी प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए राज्य सरकार ने ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई है। अब किसान घर बैठे ही मोबाइल के माध्यम से धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे समितियों के अनावश्यक चक्कर लगाने और लंबी कतारों में इंतजार करने की परेशानी कम हुई है। किसान निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर आसानी से अपनी उपज बेच सकते हैं। डिजिटल तकनीक के उपयोग से खरीदी प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बन रही है।

कृषक उन्नति योजना से आर्थिक मजबूती

किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की दर से आदान सहायता देने का प्रावधान किया गया है। यह सहायता कृषि लागत का बोझ कम करने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

इसके साथ ही उपार्जन केंद्रों में डिजिटल पंजीयन, डिजिटल क्रॉप सर्वे और बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी व्यवस्थाओं को लागू कर धान खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिले, खरीदी प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो और शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचे। गोविंद यादव जैसे किसानों के अनुभव इस बात को रेखांकित करते हैं कि बेहतर मूल्य और सुविधाजनक व्यवस्था से प्रदेश की खेती-किसानी को नई मजबूती मिल रही है।

Chhattisgarh