
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
रोजमर्रा के कामों के लिए घर से बाहर निकलना कई बार दिव्यांगजनों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में आवागमन का एक साधन केवल सुविधा नहीं, बल्कि अपने काम स्वयं करने और आत्मनिर्भर बनने का भरोसा भी देता है। बलौदाबाजार की सुश्री रोशनी पुरैना को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने से अब उनकी राह कुछ आसान हुई है।
जिला प्रशासन की ओर से सुश्री रोशनी को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। अब उन्हें आने-जाने के लिए पहले जैसी कठिनाइयों का सामना कम करना पड़ेगा। अपने जरूरी कामों के लिए वे अधिक सहजता से बाहर जा सकेंगी। यह मदद उनके दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ाने के साथ अपने फैसले खुद लेने का अवसर भी देगी।
मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने पर सुश्री रोशनी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा, “विष्णु भैया की सुशासन सरकार दिव्यांगजनों के लिए निरंतर अच्छा काम कर रही है। उनकी जरूरतों को समझते हुए सहायता और सुविधाएं देने के लिए मैं सरकार को धन्यवाद देती हूं।”
सुश्री रोशनी के लिए यह ट्राइसाइकिल आवागमन का साधन भर नहीं, बल्कि रोजमर्रा की मुश्किलों को कम करने और अपने कामों में अधिक स्वतंत्र होने की दिशा में एक सहारा है। समाज कल्याण विभाग और प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

