
- प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में 123 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान, 106 की सोनोग्राफी
रायपुर (CITY HOT NEWS)//

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सूरजपुर जिले में आज प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान आयोजित किया गया। जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंची गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आवश्यक उपचार के साथ पोषण, दवाइयों और सुरक्षित प्रसव के संबंध में परामर्श भी दिया।
अभियान के दौरान 1,180 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। इनमें 123 महिलाओं की पहचान उच्च जोखिम वाली गर्भवती के रूप में हुई, जबकि 106 महिलाओं की सोनोग्राफी की गई। जिला चिकित्सालय तथा भैयाथान, प्रतापपुर, ओड़गी और रामानुजनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में शासकीय एवं निजी विशेषज्ञों के सहयोग से प्रत्येक माह की 9 और 24 तारीख को सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए विभिन्न सेक्टरों में स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए। इन शिविरों में गर्भवती महिलाओं को जांच और स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।

