
- छह प्रकरण नस्तीबद्ध, प्रताड़ना से जुड़े मामलों में जांच के निर्देश
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में मंगलवार को अंबिकापुर में सरगुजा संभाग स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। संभाग स्तर पर यह पहली और प्रदेश स्तर पर आयोग की नौवीं जनसुनवाई थी। इसमें सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, कोरिया, बलरामपुर और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिलों से संबंधित 25 प्रकरणों पर सुनवाई हुई। इनमें से छह प्रकरण नस्तीबद्ध किए गए। जनसुनवाई में संभाग प्रभारी श्रीमती लक्ष्मी शुक्ला भी उपस्थित रहीं।
आयोग ने पक्षकारों को सुनने के बाद मानसिक प्रताड़ना से संबंधित एक प्रकरण में कलेक्टर को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कार्यस्थल पर प्रताड़ना से जुड़े एक अन्य प्रकरण में सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग को जांच के निर्देश दिए गए। घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना से संबंधित अन्य प्रकरणों में संबंधित संरक्षण अधिकारियों को जांच कर आयोग के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया।
अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सौंपे गए प्रकरणों की जांच कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन आयोग को उपलब्ध कराएं, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। जनसुनवाई के माध्यम से महिलाओं की शिकायतों पर सुनवाई और संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री जे.आर. प्रधान, नोडल अधिकारी एवं उप निरीक्षक श्री विजय गुप्ता, विधिक सहायता टीम, संरक्षण अधिकारी श्रीमती सुलेखा कश्यप, श्रीमती शिखा वर्मा, श्रीमती वित्तबाला सिन्हा, श्रीमती इन्द्रकुवारी तिवारी और श्रीमती सुमित्रा सिंह सहित संबंधित जिलों के सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिकाएं उपस्थित रहीं।

