
- पहाड़ी कोरवा शिवधर को केंद्रीय क्षेत्रीय योजना से मिला आवास; मनरेगा में 90 दिन का रोजगार भी
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
कभी बारिश की हर रात श्री शिवधर के परिवार के लिए चिंता लेकर आती थी। मिट्टी की दीवारों और कच्ची छत वाले घर में पानी टपकता, फर्श भीग जाता और बच्चों के साथ रात गुजारना मुश्किल हो जाता। आज उसी परिवार के पास दो कमरों का पक्का घर है,जहां बारिश की चिंता के बिना सुरक्षित छत के नीचे सुकून से रहा जा सकता है।
बलरामपुर जिला के राजपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत घटगांव निवासी श्री शिवधर पहाड़ी कोरवा जनजाति से हैं। मजदूरी से परिवार चलाने वाले श्री शिवधर के लिए पक्का घर बनाना आसान नहीं था। परिवार की जरूरतें पूरी करने के बाद घर निर्माण के लिए बचत कर पाना संभव नहीं हो पाता था।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के संकल्प के अनुरूप शासन की योजनाएं विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों तक पहुंच रही हैं। केंद्रीय क्षेत्रीय योजना (पहाड़ी कोरवा मद) के तहत वर्ष 2025-26 में श्री शिवधर को आवास स्वीकृत हुआ। किस्तों की राशि मिलने पर उन्होंने दो कमरों का पक्का मकान बनाकर पूरा किया। निर्माण के दौरान मनरेगा के तहत 90 दिवस की मजदूरी का भुगतान भी मिला, जिससे परिवार को रोजगार के साथ अतिरिक्त आर्थिक सहारा मिला।
पक्के घर के साथ परिवार को शौचालय की सुविधा भी मिली है। उन्हें प्रतिमाह एक रुपये प्रति किलो की दर से चावल, आयुष्मान भारत योजना और महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है। इन योजनाओं से परिवार की आवास, खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को संबल मिला है।
श्री शिवधर के लिए यह मकान केवल ईंट और छत से बना घर नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा और बेहतर जीवन की नई शुरुआत है। वे बताते हैं कि अब बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने की चिंता नहीं रहती और परिवार चैन से सो पाता है। सपनों का पक्का घर मिलने पर उन्होंने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

