मोबाइल आधे घंटे तक रहा हैंग, चालू होते ही खाते से गायब मिले 98 हजार रुपए; हाईकोर्ट के वकील के साथ साइबर ठगी…

बिलासपुर// बिलासपुर में हाईकोर्ट के एक वकील का मोबाइल फोन अचानक हैंग हो गया। करीब आधे घंटे तक उसका कोई बटन काम नहीं किया। जब मोबाइल चालू हुआ तब उनके बैंक अकाउंट से 98 हजार रुपए कट गए थे। मैसेज देखकर परेशान वकील ने साइबर थाने में शिकायत की, जिसके बाद ट्रांजेक्शन ब्लॉक कराया। पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर जांच कर रही है।

चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम बिटकुली निवासी सुरेश कुमार कौशिक हाईकोर्ट में वकालत करते हैं। हाईकोर्ट परिसर स्थित स्टेट बैंक में उनका खाता है। यह खाता उनके मोबाइल नंबर से जुड़ा हुआ है। उन्होंने पुलिस को बताया कि दो नवंबर की शाम करीब पांच बजे अचानक उनका मोबाइल फोन हैंग हो गया। स्क्रीन काम करना बंद करना बंद कर दिया और मोबाइल का कोई भी बटन काम नहीं कर रहा था।

आधे घंटे में मोबाइल चालू हुआ तो रकम कटने का मिला मैसेज

करीब आधे घंटे बाद मोबाइल सामान्य हुआ तो उन्होंने फोन चेक किया। इस दौरान एक बैंकिंग ट्रांजेक्शन का मैसेज मिला। जांच करने पर पता चला कि शाम 5:02 बजे उनके फोन-पे अकाउंट के माध्यम से 98 हजार रुपए का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर लिया गया है। सुरेश का कहना है कि उन्होंने न तो कोई भुगतान किया और न ही किसी को ट्रांजेक्शन की अनुमति दी थी।

मोबाइल ठीक होते ही बैंक को किया फोन

खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही सुरेश ने एसबीआई के कस्टमर केयर पर कॉल किया और अपने बैंक खाते व एटीएम कार्ड को अस्थायी रूप से ब्लॉक करा दिया। उन्होंने उसी दिन बिलासपुर साइबर थाने में ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके बाद चकरभाठा थाने में लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराई। चकरभाठा पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Chhattisgarh