कोरबा (CITY HOT NEWS)///
किसी अपने काम की शुरुआत का सपना हो और उसे पूरा करने के लिए लगातार बचत का अवसर मिले, तो छोटी-सी आर्थिक सहायता भी नई राह खोल सकती है। कोरबा निवासी श्रीमती कृष्णा कुर्रे के लिए महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित राशि इसी दिशा में उपयोगी सहारा बनी। उन्होंने हर महीने प्राप्त राशि में से बचत करते हुए अपना ब्यूटी पार्लर शुरू किया। आज यह काम उनके लिए आमदनी का साधन बनने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में सहयोग कर रहा है।
लाभार्थी श्रीमती कृष्णा कुर्रे बताती हैं कि पहले उनके पास स्वयं का कोई व्यवसाय नहीं था। घरेलू जिम्मेदारियों के बीच अपनी आमदनी का अलग साधन तैयार करना आसान नहीं था। ब्यूटी पार्लर शुरू करने की इच्छा थी, इसके लिए आवश्यक सामान और अन्य व्यवस्थाओं के लिए पूंजी जुटाना उनके सामने चुनौती थी।
महतारी वंदन योजना के माध्यम से नियमित आर्थिक सहायता मिलने लगी तो कृष्णा ने राशि को खर्च करने के साथ भविष्य के लिए बचत करने का निर्णय लिया। उन्होंने हर महीने मिलने वाली राशि को धीरे-धीरे जमा किया और आवश्यक संसाधन जुटाकर अपना ब्यूटी पार्लर शुरू किया। छोटे स्तर से शुरू किया गया यह काम अब उनकी आर्थिक गतिविधि का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।
कृष्णा कुर्रे अपने अनुभव साझा करते हुए कहती हैं, “पहले अपना कोई काम नहीं था। ब्यूटी पार्लर शुरू करने की इच्छा थी, इसके लिए पैसे जुटाना कठिन लग रहा था। महतारी वंदन योजना से हर महीने राशि मिलने लगी तो मैंने उसे थोड़ा-थोड़ा बचाना शुरू किया। इसी बचत से जरूरी सामान जुटाकर अपना ब्यूटी पार्लर शुरू किया। अब अपने काम से आमदनी हो रही है और आर्थिक स्थिति में सुधार महसूस कर रही हूं।”
वे आगे कहती हैं, “योजना की राशि ने मुझे अपने लिए कुछ करने का अवसर दिया। अब मैं अपना काम कर रही हूं और आगे इसे और बढ़ाने की इच्छा है। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए ऐसी योजनाओं की बहुत आवश्यकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को मैं धन्यवाद देती हूं कि महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग देने वाली महतारी वंदन योजना से मुझे भी अपने सपने को काम में बदलने का अवसर मिला।”
सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनकी आय के अवसर बढ़ाने की दिशा में शासन द्वारा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित सहायता महिलाओं को अपनी जरूरतों के साथ बचत, छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दे रही है।


