
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के खातों में हस्तांतरित की सम्मान निधि, कृषि विज्ञान केंद्र बीजापुर में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
- देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों को मिला 18,680 करोड़ रुपये का लाभ
बीजापुर (CITY HOT NEWS)//
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का हस्तांतरण प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात के बनासकांठा से किया गया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, बीजापुर में कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने वर्चुअल माध्यम से सुना। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 680 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई। वहीं बीजापुर जिले के 16 हजार 927 किसानों के खातों में 3 करोड़ 38 लाख रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की गई। इस राशि से जिले के किसानों को खेती-किसानी से संबंधित आवश्यकताओं की पूर्ति में आर्थिक सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री पेरे पुल्लेया, कृषि स्थायी समिति के सभापति श्री शंकरैय्या मांडवी, जनपद सदस्य श्रीमती सुजाता आरकी, श्रीमती शांति कुड़ियम, श्रीमती धनेश्वरी बाकड़े, वरिष्ठ नागरिक श्री घासीराम नाग सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि विज्ञान केंद्र बीजापुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्री अरुण सकनी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। इस अवसर पर उप संचालक कृषि श्री पी.एस. कुसरे ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को धान खरीदी प्रक्रिया के संबंध में अवगत कराते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से प्राप्त राशि का उपयोग कृषि कार्यों एवं आवश्यक कृषि आदान सामग्री की खरीदी में करने के लिए प्रेरित किया।
किसानों की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल-
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे बीज, खाद एवं अन्य कृषि सामग्री की खरीदी कर खेती-किसानी के कार्यों को सुचारू रूप से संचालित कर सकें। उल्लेखनीय है कि 1 दिसंबर 2018 से प्रारंभ इस योजना के तहत पात्र किसानों को ऑनलाइन माध्यम से उनके बैंक खातों में सहायता राशि प्रदान की जा रही है।
अतिथियों ने किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाने से पर्यावरण संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य में सुधार तथा गुणवत्तायुक्त अनाज उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही किसानों की कृषि लागत में कमी आने से उनकी आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र बीजापुर के वैज्ञानिक डॉ. मिथलेश कुमार, डॉ. शमशेर आलम, डॉ. भूपेंद्र तारम, डॉ. राजकमल पटेल, डॉ. अरविंद कुमार आयाम, डॉ. दिनेश मरापी एवं डॉ. सुनीता पटेल सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

