- सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलन
बालोद,धमतरी,(CITY HOT NEWS)//
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शासकीय संस्थानों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करने की पहल की जा रही है। अभियान के तहत जिले में आगामी 17 सितंबर को शाम 07 बजे निर्धारित स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है।
गौरतलब है कि कलेक्टर श्रीमति दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जल संसाधन संभाग, बालोद के कार्यालय कार्यपालन अभियंता द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 17 सितंबर को शाम 7 बजे अपने-अपने उपसंभागों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करना सुनिश्चित किया गया है। संभागीय कार्यालय में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी भी इसी समय दीप प्रज्ज्वलित करेंगे।
आदेश में जिला प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है। इसके तहत सरयू प्रसाद स्टेडियम, बालोद में विभिन्न कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। ‘आशीर्वाद का दीया’ इसी अभियान का एक महत्वपूर्ण जनभागीदारी कार्यक्रम है।

