बाउंड्रीवाल फांदकर 6-7 बाहरी युवक स्कूल परिसर में घुसे और 9वीं के छात्र पर चाकू से किया हमला..पुरानी दोस्ती और विवाद की बात सामने आई..स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

रायगढ़// रायगढ़ के चक्रधर नगर शासकीय स्कूल में सोमवार को लंच ब्रेक के दौरान चाकूबाजी की घटना हुई। बाउंड्रीवाल फांदकर 6-7 बाहरी युवक स्कूल परिसर में घुसे और कक्षा 9वीं के 16 वर्षीय छात्र को बाहर बुलाया। इसके बाद दो युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में छात्र कमर से नीचे घायल हो गया।

ABVP के छात्र नेताओं ने पुलिस अधीक्षक के नाम आवेदन सौंपा। - Dainik Bhaskar

ABVP के छात्र नेताओं ने पुलिस अधीक्षक के नाम आवेदन सौंपा।

घटना के बाद स्कूल के छात्रों ने इसकी जानकारी प्रबंधन को दी। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने छात्र पर हमला करने वाले दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उनके साथ मारपीट के लिए आए एक और युवक को भी पकड़ा गया है।

पुरानी दोस्ती और विवाद की बात सामने आई

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि, घायल छात्र और आरोपियों के बीच पहले दोस्ती थी। कुछ दिन पहले उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। इसी विवाद के चलते छात्र पर हमला करने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ABVP ने SP के नाम सौंपा ज्ञापन

घटना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने नाराजगी जताई है। मंगलवार को ABVP के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने स्कूल परिसर में हुई चाकूबाजी को गंभीर और चिंताजनक घटना बताया।

‘स्कूल में सुरक्षा से समझौता नहीं’

ABVP ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित वातावरण देने की जगह हैं। स्कूल परिसर में इस तरह की हिंसक घटना से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में असुरक्षा की भावना पैदा होती है। परिषद ने घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

ABVP ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन से पीड़ित छात्र को न्याय दिलाने और स्कूलों की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाने की मांग की गई।

Chhattisgarh