
दुर्ग-भिलाई// दुर्ग में फॉरेक्स और ट्रेडिंग की ट्रेनिंग देने वाला संस्थान खोलने और उसमें निवेश करने पर अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 18.63 लाख रुपए की ठगी की गई। शिकायत के बाद सुपेला पुलिस ने आरोपी मीनल चौहान (35) को नागपुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस ने एक कार भी जब्त की है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, कार भी जब्त किया।
अब जानिए पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता अक्षय राठौर कृषि व्यवसाय से जुड़े हैं। एक परिचित के जरिए उनकी पहचान मीनल चौहान से हुई थी। मीनल ने उन्हें बताया कि रायपुर के वीआईपी चौक स्थित करेंसी टावर में फिनविजन और फिनविजन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के नाम से फॉरेक्स और ट्रेडिंग की ट्रेनिंग देने वाला संस्थान शुरू किया जा रहा है।
उसने अक्षय को इस संस्थान में पैसा लगाने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया था।

पुलिस ने किया पूरे मामले का खुलासा।
अलग-अलग खातों में जमा कराए रुपए
शिकायत के मुताबिक, दिसंबर 2025 से जून 2026 के बीच संस्थान चलाने और दूसरे खर्चों के लिए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 21 लाख 96 हजार 675 रुपए दिए गए थे। इस पैसे से कर्मचारियों की सैलरी, ऑफिस का किराया, रखरखाव, विज्ञापन, सोशल मीडिया पर प्रचार और दूसरे जरूरी खर्च किए जाने थे।
3 लाख रुपए वापस किया
शिकायत के मुताबिक, दी गई रकम में से करीब 3 लाख 33 हजार रुपए वापस कर दिए गए, लेकिन बाकी 18 लाख 63 हजार 675 रुपए नहीं लौटाए गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संस्थान चलाने और ट्रेडिंग में निवेश से अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर उससे पैसे लिए गए थे, लेकिन बाद में बाकी रकम वापस नहीं की गई।
सुपेला थाने में दर्ज हुआ मामला
अक्षय राठौर ने 18 सितंबर 2026 को सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 1389/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 351(3) में केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के बाद पुलिस ने मीनल चौहान को गिरफ्तार कर लिया। वह भिलाई के मदर टेरेसा नगर की रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में एक कार भी जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और मिले सबूतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

