कोरबा// छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार देर रात पारिवारिक विवाद में युवक ने अपने चाचा की फरसी से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मामला पसान थाना क्षेत्र के पनगांव का है।
मृतक की पहचान गुलाब सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात गुलाब सिंह का अपनी मां से किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हो रहा था। दादी और चाचा के बीच बहस होते देख भतीजा दुर्गेश कुमार गुस्से में आ गया।
विवाद बढ़ने पर दुर्गेश ने घर में रखी फरसी उठा ली और चाचा गुलाब सिंह पर हमला कर दिया। आरोपी ने उनके गले पर फरसी से वार किया। इससे गुलाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और ज्यादा खून बहने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन और ग्रामीण
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। गुलाब सिंह को खून से लथपथ देखकर उन्होंने तुरंत कोरबी चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी
चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। हत्या किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण था, इसकी जांच की जा रही है। फरार आरोपी दुर्गेश कुमार की तलाश में पुलिस टीम रवाना की गई है। उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

