कोरबा// कोरबा जिले में तेज रफ्तार ट्रेलर ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र के कसनिया-जटगा मोड़ पर हुआ।

हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर का पहिया बाइक सवार के हेलमेट के ऊपर से निकल गया। हेलमेट चकनाचूर हो गया। सिर में गंभीर चोट लगने से बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसने हेलमेट पहना हुआ था।
हादसे के बाद मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस बाइक के नंबर के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

ट्रेलर जब्त, चालक मौके से फरार
सूचना मिलते ही डायल-112 और कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
कुछ घंटे पहले दो हादसों में 2 की मौत
इससे कुछ घंटे पहले सोमवार रात बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में भी तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों को चपेट में ले लिया था। हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर दिया था। देर रात समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।
लगातार हादसों से लोगों में आक्रोश
क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों और मौतों से लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रेलर पर लगाम नहीं लगाई जा रही है। इसी वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

