तेज रफ्तार कार का कहर: साइकिल सवार युवती और पैदल जा रही महिला को मारी टक्कर, साइकिल को 30 मीटर तक घसीटा

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां कार ने साइकिल सवार युवती और पैदल जा रही महिला को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में दोनों घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार साइकिल को घसीटते हुए नजर आ रही है।

एक की हालत गंभीर, दूसरे के पैर में आया फ्रैक्चर

यह हादसा मेनोनाइट चर्च के सामने जल संसाधन कार्यालय के पास मंगलवार सुबह करीब 11 बजे का बताया जा रहा है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकिल सवार रंजिता ताम्रकार दूर जा गिरी, जिसके सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि करुणा यादव के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

साइकिल को घसीटते ले गई कार

वहीं, कार साइकिल को घसीटते हुए करीब 30 मीटर तक ले गई। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार चालक शराब के नशे में था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार साइकिल को दूर तक घसीटते हुए साफ नजर आ रही है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हादसे को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।

Chhattisgarh