तीन वाहनों को टक्कर मारकर भाग रही स्कॉर्पियो खेत में पलटी, एक युवक की मौत..

नेशनल हाईवे 130 में बीती रात दो बाइक एवं एक स्कूटी को टक्कर मारकर भागने के दौरान तेज रफ्तार स्कार्पियो सानीबर्रा में तेज रफ्तार में कई बार पलट गई। हादसे में स्कार्पियो सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घालयों में एक युवक की अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मौत हो गई। घटना उदयपुर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार को परोगिया निवासी घरभरन यादव अपनी बहन को लेने गांव के ही एक युवक की स्कार्पियो वाहन बुकिंग में लेकर बिनिया गया था। घरभरन के साथ उसके दो अन्य साथी राहुल और सनी यादव भी स्कार्पियों में सवार थे। तीनों बिनिया पहुंचे, जहां बहन के ससुराल में तीनों को नशे की हालत में देखकर विदाई करने से मना कर दिया।

पुलिस चौकी से छोड़ा तो पहुंचे शराब पीने

बहन की विदाई करने से मना करने पर युवकों ने जीजा से जमकर विवाद करते हुए हंगामा किया। इसकी सूचना पर पुलिस ने तीनों को पकड़ा और समझाईश देकर शाम 7 बजे तीनों को छोड़ दिया।

स्कार्पियो में सवार होकर तीनों युवक वहां से लखनपुर गये और शराब दुकान से शराब खरीदकर पी। वहां से वे वापस तेज रफ्तार में उदयपुर पहुंचे जहां स्कार्पियो वाहन ने सड़क किनारे खड़े दो बाइक एवं एक स्कूटी को टक्कर मारकर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया।

हादसे में घायल युवक

हादसे में घायल युवक

वाहनों को टक्कर मारने के बाद पकड़े जाने के डर से स्कॉर्पियो का चालक तेजी से गाड़ी चलाते हुए रामगढ़ रोड से लक्ष्मणगढ़ मार्ग में घुस गया। स्कार्पियो का ड्राइवर सानीबर्रा के मोड़ में वाहन को मोड़ नहीं सका और स्कार्पियो खेत में कई बार पलट गई।

हादसे में तीनों स्कार्पियो सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर पहुंचाया। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।

एक युवक की मौत, दो का उपचार जारी

अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में तीनों घायलांे को दाखिल किया गया। सोमवार को इलाज के दौरान राहुल यादव निवासी दावा की मौत हो गई। दो अन्य युवकों का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने स्कार्पियो चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। घटना के बाद स्कार्पियो का चालक घटनास्थल से फरार हो गया। हादसे में स्कार्पियो वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।

Chhattisgarh