बिलासपुर// बिलासपुर में कम समय में दोगुना कमाई का लालच देकर चिटफंड कंपनी के चार डायरेक्टर ने लोगों से 24 लाख रुपए ठग लिए। इसके बाद ऑफिस बंद कर सभी फरार हो गए। पुलिस ने 13 साल पहले कंपनी खोलकर लोगों से ठगी करने वाले चिटफंड कंपनी के चारों डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

सीपत के तीरथ राम रात्रे ने मोपका चौकी में ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2012-13 में ताराचंद पाटले, बसंत यादव, डेरहा कांत और रतन कुर्रे ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रीवेल फूड प्रोडक्ट एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड नाम से चिटफंड कंपनी शुरू की थी। आरोपियों ने आसपास के गांवों के लोगों को 6 साल में पैसा दोगुना करने का लालच दिया। उनके झांसे में आकर तीरथ राम और उनके परिचितों ने कंपनी में करीब 24 लाख रुपए से ज्यादा जमा कर दिए।
इंन्वेस्टमेंट का दिया लालच, पैसे लेकर हो गए फरार
इस दौरान कंपनी के डायरेक्टर और कर्मचारियों ने सरकंडा इलाके में ऑफिस खोल रखा था। उन्होंने लोगों से लाखों रुपए जमा कराए। इसके बदले उनसे फॉर्म भरवाए और बॉन्ड पेपर दिए। साथ ही वादा किया कि 6 साल बाद लोग अपनी जमा रकम निकाल सकेंगे। लेकिन पैसे लेने के बाद कंपनी के डायरेक्टर और कर्मचारी ऑफिस में ताला लगाकर फरार हो गए।
पुलिस ने केस दर्ज कर चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टरों को बुलाकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने ठगी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में कुटीपारा मोपका के डेरहा प्रसाद कांत (58), पामगढ़ निवासी ताराचंद पाटले (56), रतन लाल कुर्रे (55) और खरौद निवासी बसंत यादव (70) को गिरफ्तार किया है। चारों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
आरोपियों से बांड पेपर और पासबुक जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने चिटफंड कंपनी के दस्तावेज, लोगों से जमा कराए गए बॉन्ड पेपर और पासबुक समेत कई सामान बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने निवेश के नाम पर बड़ी संख्या में लोगों से पैसे जमा कराए थे। इस मामले में पुलिस एक दर्जन से ज्यादा अन्य पीड़ितों से भी शिकायत लेने की तैयारी कर रही है। उनकी शिकायतों को भी इसी केस की जांच में शामिल किया जाएगा।

