घटिया चावल वितरण की शिकायत पर जिम्मेदारों के विरुद्ध एफआईआर के निर्देश

घटिया चावल वितरण की शिकायत पर जिम्मेदारों के विरुद्ध एफआईआर के निर्देश

  • डीएमएफ के अप्रारंभ और अपूर्ण कार्यों में आरआरसी वसूली के प्रकरण तैयार करें – कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत

कोरबा (CITY HOT NEWS)///


कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में पाली विकासखंड की उचित मूल्य दुकानों में घटिया चावल वितरण की शिकायत को गंभीरता से लिया। उन्होंने खाद्य विभाग को प्रकरण की जांच कर चावल वितरण से पहले उसकी गुणवत्ता स्वीकृत करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित राइस मिलर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने सहित आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से राशि जारी होने के लंबे समय बाद भी जनपद पंचायतों के अंतर्गत निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होने और कुछ कार्य अपूर्ण रहने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए राशि मिलने के बावजूद वर्षों तक निर्माण पूरा नहीं करना गंभीर लापरवाही है। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को ऐसे मामलों में आरआरसी वसूली के प्रकरण तैयार करने और साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग से संबंधित आरआरसी वसूली 15 दिसंबर तक करने को भी कहा।
बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कामकाज, समय सीमा के लंबित प्रकरणों और शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, जनशिकायतों तथा विभागीय मंत्रियों से प्राप्त पत्रों से जुड़े प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की इंडिकेटरवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री दुदावत ने पोर्टल पर दर्ज प्रगति और जिले की रैंकिंग की जानकारी ली। उन्होंने कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास कर निर्धारित लक्ष्य पूरे करने के निर्देश कृषि,उद्यानिकी, मत्स्य,पशुधन विकास विभाग को दिए। इस दौरान पीएम-किसान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषक उत्पादक संगठन, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन, परंपरागत कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, दलहन में आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन से जुड़े संकेतकों की समीक्षा की गई। उन्होंने उद्यानिकी विभाग को 100 हेक्टेयर का लक्ष्य पूरा करने तथा मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से लाइवलीहुड कॉलेज में ‘ड्रोन दीदी’ पहल के तहत महिला किसानों को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए।
इतवारी बाजार में अतिक्रमण की शिकायत पर कलेक्टर ने एसडीएम को सीमांकन और नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एनएचएम की भर्ती प्रक्रिया पूरी करने को कहा। जिला अस्पताल में घटिया निर्माण कार्य संबंधी समाचार का संज्ञान लेते हुए उन्होंने नगर निगम को कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र महाविद्यालयीन विद्यार्थियों से पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस संबंध में कॉलेजों को पत्र जारी करने और एक सप्ताह बाद भी अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नोटिस जारी करने को कहा, ताकि कोई पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति के लिए जनजागरूकता रैलियां आयोजित करने के निर्देश समाज कल्याण विभाग को दिए गए। कलेक्टर ने पुलिस और आबकारी विभाग को चीताखोल पर्यटन स्थल सहित अन्य पिकनिक स्थलों पर शराब पीकर अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने विद्युत विभाग को कोरबा विकासखंड के किसी एक गांव को सौर ऊर्जा आधारित बनाने की दिशा में काम करने तथा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सामान्य भविष्य निधि राशि का भुगतान निर्धारित समय सीमा में करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विलंब होने पर जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, कोरबा वनमंडलाधिकारी श्रीमती प्रेमलता यादव, अपर कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Chhattisgarh