- 60 कृषकों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने सीखी आधुनिक उद्यानिकी तकनीकें
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (CITY HOT NEWS)//
राज्य पोषित योजना के तहत उद्यानिकी विभाग द्वारा शासकीय उद्यान रोपणी लालपुर, विकासखंड गौरेला में एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहायक संचालक उद्यानिकी डॉ. कमलेश दीवान के मार्गदर्शन में बीते शुक्रवार को आयोजित प्रशिक्षण में 60 कृषकों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य आधुनिक उद्यानिकी तकनीकों को बढ़ावा देकर उत्पादन लागत कम करना, फसलों की गुणवत्ता बढ़ाना तथा किसानों की आय में वृद्धि करना रहा। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चार सत्रों में आयोजित प्रशिक्षण में वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी अर्जुन सिंह मरावी ने ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग, उन्नत सब्जी उत्पादन तथा जल संरक्षण की तकनीकों की जानकारी दी। उद्यान प्रभारी ठाकुर मुकुंद माधव सिंह ने कोकोपीट एवं खाद के मिश्रण से गुणवत्तायुक्त पौध (थरहा) तैयार करने तथा फसलों में रोग एवं कीट प्रबंधन के वैज्ञानिक उपाय बताए। प्रशिक्षण के दौरान आम के पौधों में ग्राफ्टिंग (कलम बांधना) तथा लीची एवं नींबू के पौधों में गुटी बांधने की विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। प्रतिभागियों ने स्वयं इन तकनीकों का अभ्यास भी किया।
प्रशिक्षण के अंतिम सत्र में मशरूम उत्पादन, अतिरिक्त आय के अवसरों तथा उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। एआईसी के जिला समन्वयक विमल चौधरी ने उद्यानिकी फसलों के बीमा, फसल जोखिम से सुरक्षा एवं बीमा योजनाओं के लाभों की जानकारी देते हुए पात्र कृषकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कृषि स्थायी समिति गौरेला की सभापति श्रीमती सीता मुकेश सोनवानी, जनपद सदस्य श्रीमती सविता राठौर, ग्राम पंचायत लालपुर की सरपंच श्रीमती इंदरनिया बाई एवं वरिष्ठ नागरिक पप्पू नरवरिया उपस्थित थे। अतिथियों ने कृषकों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी अर्जुन सिंह मरावी ने आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण से कृषकों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं को उद्यानिकी आधारित आजीविका एवं आय संवर्धन की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।

