कोंडागांव : सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर होगा राज्योत्सव का आयोजन

  • सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण


’कोण्डागांव, (CITY HOT NEWS)//

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा, इस वर्ष राज्योत्सव की मुख्य थीम ’‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’’ निर्धारित की गई है। आयोजन के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को राज्योत्सव की थीम ’‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’’ पर आधारित विभागीय प्रदर्शनी लगाये जाने के निर्देश दिए।  

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री भोई ने राज्य शासन के निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि विगत वर्षों की भांति जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव  कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विकास विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें ’‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’’ विषय पर विभागीय उपलब्धियों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर तैयारियां पूर्ण करने तथा सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा 01 नवंबर से 03 नवंबर 2026 तक जिले के शासकीय भवनों में रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में सीईओ श्री भोई ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी आवेदनों के निराकरण में गंभीरता बरतें, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। सीईओ ने डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं भौतिक सत्यापन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित नोडल अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बस्तर मुन्ने पोर्टल पर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित प्रगति की जानकारी नियमित रूप से दर्ज करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। बैठक में 26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले सतर्कता जागरूकता सप्ताह के संबंध में भी शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को सप्ताह के दौरान निर्धारित गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के सभी एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Chhattisgarh