- सरकारी योजनाओं का मिला संबल, किसान रामायण सिंह के परिवार में आई खुशहाली
कोरबा (CITY HOT NEWS)///
कोरबा जिले के पाली विकासखंड के ग्राम केराकछार निवासी किसान श्री रामायण सिंह के लिए खेती केवल आय का साधन नहीं, बल्कि परिवार की खुशहाली और आत्मनिर्भरता का आधार है। लगभग 10 एकड़ कृषि भूमि पर पत्नी श्रीमती वृंदा, बेटे ओमप्रकाश और बहू के साथ मिलकर खेती करने वाले रामायण सिंह आज अपनी मेहनत के साथ-साथ शासन की किसान हितैषी योजनाओं को अपनी प्रगति का महत्वपूर्ण आधार मानते हैं।
चैतमा धान खरीदी केंद्र में धान बेचने वाले रामायण सिंह बताते हैं कि धान का उचित मूल्य मिलने से किसानों को अपनी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिल रहा है। इस वर्ष 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान विक्रय ने उनके परिवार को आर्थिक मजबूती दी है। उनका कहना है कि जब किसान को उसकी उपज का उचित मूल्य मिलता है, तो खेती के प्रति उसका विश्वास और उत्साह दोनों बढ़ते हैं।
रामायण सिंह बताते हैं कि वर्ष 2023-24 में उन्होंने समिति में 168 क्विंटल धान का विक्रय किया था। कृषक उन्नति योजना के तहत उन्हें 1.50 लाख रुपये से अधिक की आदान सहायता राशि प्राप्त हुई। इस राशि ने उनके लिए खेती को और बेहतर बनाने का रास्ता खोला। उन्होंने इस सहायता का उपयोग उन्नत किस्म के बीज, खाद, उर्वरक और आवश्यक कृषि संसाधनों की व्यवस्था में किया। बेहतर कृषि निवेश और परिवार की मेहनत से उन्हें उत्पादन बढ़ाने में मदद मिली।
इस वर्ष धान विक्रय से प्राप्त राशि का उपयोग वे परिवार की आवश्यकताओं के साथ-साथ खेती को और मजबूत बनाने में करने की योजना बना रहे हैं। उनका मानना है कि कृषि में समय पर निवेश करने से उत्पादन और आय दोनों को बढ़ाया जा सकता है।
रामायण सिंह के बेटे ओमप्रकाश भी सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से संतुष्ट हैं। वे बताते हैं कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए भरोसेमंद व्यवस्था मिलती है। परिवार के सभी सदस्य खेतों में मिल-जुलकर मेहनत करते हैं और इसी सामूहिक प्रयास का परिणाम है कि हर वर्ष खेती को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।
ओमप्रकाश का कहना है कि सरकार द्वारा किसानों की आय और आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संचालित योजनाओं से ग्रामीण परिवारों को खेती में निवेश करने का आत्मविश्वास मिला है। किसान की मेहनत को जब उचित मूल्य और शासन का सहयोग मिलता है, तो उसका उत्साह कई गुना बढ़ जाता है।
रामायण सिंह यह भी बताते हैं कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से किसानों को समय-समय पर आर्थिक सहायता मिलती है, जिससे खेती से जुड़े जरूरी खर्चों को पूरा करने में मदद मिलती है। उनके अनुसार, किसान हित में संचालित विभिन्न योजनाएं मिलकर खेती को अधिक मजबूत और लाभकारी बनाने में सहायक साबित हो रही हैं।
रामायण सिंह और उनका परिवार शासन की किसान कल्याणकारी पहलों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य और समय पर आर्थिक सहयोग मिलना उनके लिए बड़ी राहत है। कृषक उन्नति योजना, समर्थन मूल्य और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने किसानों के मन में नया विश्वास पैदा किया है। इन योजनाओं से मिली आर्थिक मजबूती के साथ किसान अब बेहतर कृषि संसाधनों में निवेश कर भविष्य में उत्पादन और आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
आज उनका परिवार न केवल अपनी कृषि आय को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, बल्कि आसपास के किसानों के लिए भी मेहनत, आत्मविश्वास और प्रगतिशील खेती की प्रेरणा बन रहा है।


