कवर्धा : सभी अधिकारी-कर्मचारियों का बायामेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य-कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति

सभी अधिकारी-कर्मचारियों का बायामेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य-कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति
  • समय-सीमा की बैठक में विभाग प्रमुखों को दिए निर्देश

कवर्धा,(CITY HOT NEWS)///

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उक्ताशय के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सुबह 10 बजे अपने कार्योलय में पहंुचने के बाद एवं कार्यालय से प्रस्थान करते समय अनिवार्य रूप से बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी कार्यालयीन समय का पालन करते हुए अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने विभागवार कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राज्य शासन के निर्देशानुसार शत-प्रतिशत ई-फाइलिंग के माध्यम से शासकीय कार्यों का संपादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यालयीन कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो और सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सभी विभाग प्रमुखों को शासन की प्राथमिकताओं एवं निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं एवं विकास कार्यों को गति देने तथा आम नागरिकों से जुड़े कार्यों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा, श्री रामप्रसाद आचला, सर्व एसडीएम, तहसीलदार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

उच्च न्यायालय के प्रकरणों को प्राथमिकता से करें निराकरण

कलेक्टर ने विभिन्न विभागों से संबंधित उच्च न्यायालय के प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि उच्च न्यायालय से संबंधित प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्यवाही करें तथा इनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधोसंरचना एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा

बैठक में कलेक्टर ने अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत कवर्धा में अधिकारी-कर्मचारियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण तथा तरेगांव जंगल में खेल मैदान निर्माण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने एसडीएम बोड़ला श्री आशुतोष शर्मा को खेल मैदान के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने स्कूल एवं आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए भी उपयुक्त स्थान का चयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवनों के लिए स्थल चयन करते समय विद्यार्थियों एवं बच्चों की सुविधा को विशेष प्राथमिकता दी जाए, ताकि अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं आंगनबाड़ी आने वाले बच्चों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत सड़कों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत प्रगतिरत एवं पूर्ण सड़क निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यपालन अभियंता को प्रगतिरत सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने वाले कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बोड़ला एवं लालपुर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अनुविभागीय कार्यालय स्थापित करने के लिए भूमि आबंटन की कार्यवाही के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Chhattisgarh