सक्ती// छत्तीसगढ़ के सक्ती में सिर दर्द और पेट दर्द की शिकायत लेकर क्लीनिक पहुंची महिला के साथ इलाज के बहाने छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि क्लीनिक संचालक ने पेट दर्द की जांच करने के बहाने उसे टेबल पर लिटाया और उसके प्राइवेट पार्ट को गलत नीयत से छुआ।
इसके बाद महिला ने थाने में आरोपी के खिलाफ की शिकायत की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म से जुड़ी धारा 64(2) बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह मामला बाराद्वार थाना क्षेत्र का है।

महिला की शिकायत पर क्लीनिक संचालक गिरफ्तार
अब जानिए पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता 27 अक्टूबर की सुबह से सिर दर्द से परेशान थी। उसने इसकी जानकारी अपने पति को दी। इसके बाद पति उसे इलाज के लिए बाराद्वार थाना क्षेत्र के रायपुरा गांव स्थित एक क्लीनिक लेकर पहुंचा। वहां आरोपी ने महिला के पति को पर्दे की आड़ में बैठने के लिए कहा।
महिला का आरोप है कि शाम करीब 6:48 बजे आरोपी ने सिर दर्द का कारण गैस बताया और पेट की जांच करने के लिए उसे टेबल पर लेटने को कहा। इसके बाद पेट की जांच के बहाने उसने गलत नीयत से महिला के प्राइवेट पार्ट को छुआ। आरोपी की इस हरकत से परेशान महिला ने अपने पति को बताई। इसके बाद में पुलिस से शिकायत की।
पीड़िता ने 28 अक्टूबर को बाराद्वार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 407/26 के तहत धारा 64(2) बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
शिकायत के 8 घंटे के भीतर गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने शिकायत दर्ज होने के 8 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

