अब घास-फूस की छत सुधारने जंगल नहीं जाना पड़ता, पक्के घर में सुकून से रह रहा मंगलू बिरहोर का परिवारपीएम-जनमन के तहत मिले आवास से आंधी और बारिश में घर उजड़ने की चिंता हुई दूर

अब घास-फूस की छत सुधारने जंगल नहीं जाना पड़ता, पक्के घर में सुकून से रह रहा मंगलू बिरहोर का परिवारपीएम-जनमन के तहत मिले आवास से आंधी और बारिश में घर उजड़ने की चिंता हुई दूर

कोरबा (CITY HOT NEWS)///


पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत भण्डारखोल निवासी मंगलू राम बिरहोर के लिए बारिश का मौसम चिंता लेकर आता था। घास-फूस से बने घर की छत तेज हवा में उड़ जाती या बारिश में पानी टपकने लगता। ऐसे में उन्हें बार-बार जंगल से घास-फूस लाकर छत की मरम्मत करनी पड़ती थी। मजदूरी से परिवार का खर्च चलाने वाले मंगलू के लिए पक्का मकान बनाना संभव नहीं हो पा रहा था।
वर्ष 2023-24 में प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत मंगलू राम के आवास निर्माण को स्वीकृति मिली। उन्होंने घर बनाना शुरू किया और निर्माण की प्रगति के साथ किस्त की राशि उनके खाते में आती रही। आवास पूरा होने के बाद अब वह अपनी मां, पत्नी और बच्चों के साथ पक्के घर में रह रहे हैं।
मंगलू बताते हैं कि अब आंधी में छत उड़ने और बारिश में घर के भीतर पानी टपकने की चिंता नहीं रहती। उन्हें हर मौसम में छत सुधारने के लिए जंगल से घास-फूस भी नहीं लाना पड़ता। सुरक्षित घर मिलने से परिवार को राहत मिली है और वे भविष्य को लेकर आशान्वित हैं।
मंगलू राम ने कहा कि पीएम-जनमन आवास से उनके पक्के घर का सपना पूरा हुआ है। उन्होंने इस सहायता के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Chhattisgarh